कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के नशा करते हुए दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ छात्र स्कूल की वर्दी में गांजा पीते नजर आ रहे हैं, जबकि दो छात्राएं सुनसान जगह पर सिगरेट पीती और गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं। मामला पाली विकासखंड के कोरबी धतूरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक वीडियो में कुछ छात्र स्कूल के पीछे स्थित खंडहरनुमा जगह पर गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं सुनसान स्थान पर सिगरेट पीती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि छात्राओं ने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। बाद में वीडियो हटा दिया गया, लेकिन तब तक वह वायरल हो चुका था।
14 नवंबर की बताई जा रही घटना
बताया जा रहा है कि छात्रों का गांजा पीते हुए वीडियो 14 नवंबर का है। आरोप है कि छात्र स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर परिसर से बाहर चले गए थे और स्कूल के पीछे स्थित खंडहर में नशा कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला स्कूल प्रबंधन तक पहुंचा, जिसके बाद विद्यालय में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
सात विद्यार्थियों को टीसी देने का नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में अभिभावकों को वायरल वीडियो दिखाकर बच्चों के व्यवहार की जानकारी दी गई। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए गांजा पीते दिखे पांच छात्रों और सिगरेट पीती नजर आईं दो छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) देने का नोटिस जारी किया गया है।
प्राचार्य ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से भेजी है। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने इस घटनाक्रम की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है।
स्कूल की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं के नशा करते हुए दो अलग-अलग वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। स्कूल समय में विद्यार्थियों का परिसर से बाहर जाना और सुनसान जगहों पर नशा करना विद्यालय की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अभिभावकों ने स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के साथ ही छुट्टी से पहले विद्यार्थियों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है।
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन और नशे के बढ़ते खतरे को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।



