छत्तीसगढ़

शराब के नशे में घर पहुंचा पति, विवाद के बाद पत्नी ने कुल्हाड़ी से कर दी हत्या..

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया है।

शराब के नशे में घर पहुंचकर करता था मारपीट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसका पत्नी मालती बाई के साथ विवाद हुआ और उसने मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी ने गुस्से में घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और उस पर हमला कर दिया। हमले में कारजू राम के चेहरे, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की मां ने पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां जांगय बाई खड़गांव थाने पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से खून लगी कुल्हाड़ी समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का दावा

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button