छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ का गांजा बरामद, तस्करों ने TI पर चढ़ाई कार; कचरे में बोरियां फेंककर फरार..

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा मामला कांकेर जिले से सामने आया है। यहां गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए थाना प्रभारी पर ही कार चढ़ाने की कोशिश की। केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान तस्कर गांजे से भरी बोरियां कचरे के ढेर में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने बाद में 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

TI को कुचलने की कोशिश, पैर में आई चोट

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन पायलट गाड़ी को पुलिस रोकने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को टक्कर मारने की कोशिश की। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

कचरे के ढेर में फेंक दी गांजे की बोरियां

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने कचरे के ढेर में संदिग्ध बोरियां देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

तस्करी के लिए इस्तेमाल कर रहे पुराने रास्ते

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पहले भी केशकाल पुलिस ने एक दिन पूर्व 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कांकेर एसपी निखिल राखेचा के मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button