दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (MCH) यूनिट का ऑपरेशन थिएटर (OT) चींटियों के भारी प्रकोप के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया है। इसके चलते पिछले तीन दिनों से कई नियोजित सर्जरियां टालनी पड़ी हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में वर्तमान में तीन जनरल सर्जन, दो आर्थोपेडिक विशेषज्ञ और दो ईएनटी डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन थिएटर बंद होने के कारण नियमित सर्जिकल कार्य प्रभावित हो गया है। सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन करीब पांच प्रमुख सर्जरियां होती थीं, जो फिलहाल स्थगित हैं।
MCH यूनिट के बंद होने के बाद अब सभी सीजेरियन डिलीवरी मुख्य (मेजर) ऑपरेशन थिएटर में कराई जा रही हैं। एक टेबल पर प्रसव कराए जा रहे हैं, जबकि दूसरी टेबल केवल गंभीर इमरजेंसी मामलों के लिए आरक्षित रखी गई है। इसके कारण जनरल और आर्थोपेडिक सर्जरी के मरीजों को नई तारीखें दी जा रही हैं।
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए OT को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। प्रभावित क्षेत्र में पेस्ट कंट्रोल और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में स्थिति सामान्य होने पर ऑपरेशन थिएटर को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।



