छत्तीसगढ़

रायगढ़ के मां शिवा प्लांट में बड़ा हादसा, 5 श्रमिक झुलसे, 2 रायपुर रेफर..

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित मां शिवा प्लांट में बुधवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी गड़बड़ी के कारण तेज उफान (बॉयलिंग) की स्थिति बन गई, जिसकी चपेट में आकर 5 श्रमिक झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल श्रमिकों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डु यादव के रूप में हुई है। सभी को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

घायलों में प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन श्रमिकों का इलाज ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल प्रशासन और प्लांट प्रबंधन घायलों के इलाज और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Back to top button