छत्तीसगढ़

मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह,धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला..

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। राधिका नगर-कश्मीरी पारा इलाके में 33 वर्षीय धन्नू ठाकुर की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे धन्नू ठाकुर अपने मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही परिवार के कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से धन्नू ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button