रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी चपेट में ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें आ गईं। घटना में दुकान के बाहर खड़े छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया, जबकि पूरी तरह आग बुझाने का अभियान देर रात तक जारी रहा।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में लगी और फिर पास की इलेक्ट्रॉनिक दुकान सहित अन्य दुकानों तक फैल गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने आग फैलते देख छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि तेज बारिश के बावजूद उसे नियंत्रित करने में काफी समय लगा। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।



