अंबिकापुर/सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का फर्जी अधिकारी बनकर आबकारी विभाग को धमकाने और ठगी की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मारुति XL6 कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ प्रजापति (24) निवासी लखनपुर, राजेशपुरी गोस्वामी (43) निवासी जांजगीर-चांपा और रंजीत गुप्ता (40) निवासी गांधीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने शराब की दुकान से बिना पैसे शराब हासिल करने की योजना बनाई थी। इसी के तहत सौरभ प्रजापति ने जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ को फोन कर खुद को ACB का वरिष्ठ अधिकारी बताया। उसने कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आने वाले हैं और रेस्ट हाउस में खाने-पीने की व्यवस्था के साथ 6 बोतल शराब और ₹1 लाख नकद भेजने की मांग की।
आबकारी अधिकारी को बातचीत पर संदेह हुआ और उन्होंने शराब या पैसे भेजने के बजाय तत्काल गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर सौरभ प्रजापति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके दो अन्य साथियों के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।



