दिलशाद अहमद, सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, 24 जुलाई को पुलिस टीम पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध किया और लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया। इस हमले में SDOP समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
अब इस मामले में पुलिस ने पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों के साथ-साथ अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।



