बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिजली करंट से होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो दिनों के भीतर करंट लगने से चार लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को एक ही परिवार की मां और दो बेटों की जान चली गई थी, वहीं शनिवार को एक और युवक करंट की चपेट में आ गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सेंदरी के पास ग्राम रमतला निवासी 28 वर्षीय दिपेश यादव शनिवार शाम घर की सफाई के बाद छत की सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ घर के पास से गुजर रहे सर्विस तार के संपर्क में आ गया और वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिपेश लोहे का सामान लेकर छत पर चढ़ रहा था, तभी वह सर्विस तार के संपर्क में आ गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, दिपेश की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। हाल ही में उसे गांव समिति का उपाध्यक्ष भी बनाया गया था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को कोटा थाना क्षेत्र में कटे हुए सर्विस तार की चपेट में आने से एक ही परिवार की मां और दो बेटों की मौत हो गई थी। वहीं जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी हाल के दिनों में करंट लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रहे इन हादसों ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



