दुर्ग। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दुर्ग नगर निगम और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। रविवार को महापौर अलका बाघमार, कलेक्टर अभिजीत सिंह और नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल स्वयं छाता लेकर शहर की सड़कों पर उतरे और निगम अमले के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 38, 39, 57 और 58 सहित जलभराव की आशंका वाले इलाकों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया। जहां भी नालियों या पानी की निकासी में अवरोध मिला, वहां तत्काल सफाई और निकासी के निर्देश दिए गए।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह सतर्क है। सभी अधिकारी और कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरा नालियों में न फेंकें, ताकि जल निकासी बाधित न हो और जलजनित बीमारियों से बचाव किया जा सके।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी शिकायत पर तत्काल राहत कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 39 स्थित तालाब किनारे हुए निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने, दस्तावेजों की जांच करने तथा अवैध रूप से मलबा डालने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश भी दिए, ताकि आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या न हो।



