छत्तीसगढ़

जशपुर में बड़ा बस हादसा, झारखंड से कोरबा आ रही बस पलटी, 10 घायल..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही यात्री बस डायवर्जन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) यात्रियों को लेकर झारखंड के रामगढ़ से कोरबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास बने डायवर्जन पर बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा।

पुलिस के मुताबिक हादसे में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button