कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की सनसनीखेज कोशिश ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित एक ज्वेलरी शॉप में तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे, जिनमें एक आरोपी महिला के वेश में था। आरोपियों ने पहले सोने के गहने दिखाने को कहा और फिर अचानक संचालक व कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर कट्टा और चाकू के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की है। छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में पहुंचे तीनों बदमाशों में एक ने सलवार-सूट और चुनरी पहन रखी थी, जिससे वह महिला जैसा दिखाई दे रहा था। जैसे ही दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल और कर्मचारी गहने दिखाने लगे, आरोपियों ने हमला कर दिया।
मिर्च पाउडर फेंकने के बाद दो बदमाशों ने कट्टा और चाकू दिखाकर सभी को डराया, जबकि महिला के वेश में मौजूद तीसरा आरोपी शोकेस से सोने-चांदी के जेवर बैग में भरने लगा।
लेकिन बदमाशों की योजना उस समय विफल हो गई, जब दुकान संचालक ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का मुकाबला किया। संघर्ष के दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे ने खुद को छुड़ाने के लिए संचालक के हाथ पर दांत से काट लिया। शोर-शराबा होते ही तीनों बदमाश घबरा गए और कट्टा, बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। वे केवल कुछ सोने-चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी ही ले जा सके, जबकि अधिकांश कीमती जेवर सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस ने लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास जारी है।



