जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को जगदलपुर स्थित आईजी कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) का पदभार ग्रहण किया।
समारोह में निवर्तमान आईजी सुंदरराज पी. ने नए आईजी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संभाग के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और जनविश्वास को और मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस, नागरिक प्रशासन और आम जनता के बेहतर समन्वय से क्षेत्र में स्थायी शांति और समावेशी विकास को गति दी जाएगी। साथ ही, पिछले वर्षों में शुरू हुए सकारात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, बस्तर में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सुंदरराज पी. अब केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
विदाई के अवसर पर सुंदरराज पी. ने शासन, पुलिस मुख्यालय, सुरक्षा बलों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में मिली हर सफलता सामूहिक प्रयासों और बेहतर समन्वय का परिणाम रही है। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ शहीद हुए जवानों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में बस्तर विकास और शांति की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ेगा।



