रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक सर्किल में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अंबिकापुर में पदस्थ सहायक डाक अधीक्षक (ASP) एचआर साहू का तबादला कर उन्हें कांकेर डाक अधीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही रेल डाक सेवा, रायपुर के अधीक्षक सरजीत सरकार को एक वर्ष का सेवा विस्तार (Service Extension) दिया गया है। वे पिछले चार वर्षों से इसी पद पर कार्यरत हैं।
केंद्रीय विभागों के सामान्य नियमों के अनुसार अधिकारियों का स्थानांतरण आमतौर पर तीन वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद किया जाता है। ऐसे में एक ही पद पर लगातार सेवा विस्तार दिए जाने को लेकर डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि विभाग की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है। माना जा रहा है कि विभागीय आवश्यकताओं और प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।



