धमतरी। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को राजस्व विभाग द्वारा 50 से अधिक मकानों को खाली करने के लिए नोटिस और अल्टीमेटम जारी किए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और राजस्व विभाग की टीम का घेराव कर कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्षों से बसे लोगों पर दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि बिना उचित पुनर्वास की व्यवस्था किए लोगों को उनके घरों से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति पैदा की जा रही है।
वहीं राजस्व विभाग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित भूमि शासकीय है और उस पर 50 से अधिक मकान अवैध रूप से बनाए गए हैं। विभाग के अनुसार नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत सभी संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किया गया है और निर्धारित समय के भीतर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल ग्रामीण कार्रवाई वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासन नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कह रहा है।



