छत्तीसगढ़

2.5 लाख का बिल नहीं चुकाया, मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की लाइन कटी..

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थायी एमबीबीएस छात्रावास में बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति काट दी। करीब 2.5 लाख रुपये का बिल जमा नहीं होने से हॉस्टल पिछले दो दिनों तक अंधेरे में डूबा रहा, जिससे लगभग 100 मेडिकल छात्रों को भीषण गर्मी और पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के स्थायी हॉस्टल का निर्माण अब तक पूरा नहीं होने के कारण कॉलेज प्रबंधन ने पिछले वर्ष शांति नगर स्थित एक भवन को किराए पर लेकर अस्थायी छात्रावास बनाया था। यहां प्रथम वर्ष से लेकर अंतिम वर्ष तक के एमबीबीएस छात्रों को ठहराया गया है।

गुरुवार को अचानक बिजली गुल होने के बाद छात्रों ने पहले इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझा, लेकिन लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं होने पर कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की। जांच में सामने आया कि हॉस्टल का करीब ढाई लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है, जिसके चलते बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया।

बिजली बंद होने से हॉस्टल में पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई। गर्मी और उमस के बीच छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं कॉलेज परिसर में बन रहा स्थायी हॉस्टल भी पिछले तीन वर्षों से अधूरा है, जिसके कारण छात्रों को लगातार अस्थायी व्यवस्था में रहना पड़ रहा है।

इधर, अनुबंधित छात्रावास वार्डन डॉ. प्रशांत जायसवाल ने बताया कि अवकाश के कारण भवन मालिक समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाए थे। अब बकाया राशि का भुगतान कर समस्या का समाधान कर लिया गया है और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

Leave a Reply

Back to top button