मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और पुलिस की घेराबंदी के बावजूद दो-दो बैरिकेड तोड़ते हुए भाग निकला। इस दौरान बैरिकेड पर तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
मृतक के परिजनों की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जिलेभर में अलर्ट जारी कर ट्रक की तलाश शुरू कर दी। सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में बैरिकेड लगाकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय बैरिकेड तोड़ दिया और तेज गति से महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही मानपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने नाकेबंदी कर बैरिकेड लगाए। यहां भी पुलिसकर्मियों ने ट्रक रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने दोबारा बैरिकेड तोड़ दिए। तेज रफ्तार ट्रक को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस लगातार ट्रक का पीछा करती रही। भागने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक सड़क किनारे उतरकर अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी चालक को घेरकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब या किसी अन्य नशे के प्रभाव में था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मासूम की मौत से गुंडरदेही गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए चक्काजाम की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही या अन्य गंभीर तथ्य सामने आते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



