बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जम्मू-कश्मीर में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने कथित तौर पर घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला की है, जहां 35 वर्षीय जवान राजाराम प्रजापति का शव घर के बाहर आम के पेड़ पर लटका मिला।
परिजनों ने आनन-फानन में जवान को फंदे से उतारकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई शिवकुमार प्रजापति के अनुसार, यह पहली बार नहीं था जब राजाराम ने आत्मघाती कदम उठाया हो। करीब छह महीने पहले दिसंबर 2025 में भी उन्होंने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। उस समय लंबे इलाज के बाद उनकी जान बच गई थी और स्वस्थ होने के बाद वे दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे।
परिजनों के मुताबिक, छुट्टी लेकर घर आए राजाराम का बुधवार को पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर से रस्सी लेकर निकले और पास के एक पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। उनकी मां ने उन्हें रोकने की कोशिश की और शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि पिछली बार आत्महत्या की कोशिश के बाद राजाराम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी परेशानी साझा की थी। वीडियो में उन्होंने पत्नी, ससुराल पक्ष और एक रिश्तेदार पर मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक दबाव और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
राजाराम का आरोप था कि उनसे लगातार पैसों और अन्य आर्थिक मांगों का दबाव बनाया जाता था। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें अपने परिवार से अलग रहने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
परिजनों का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



