छत्तीसगढ़

रायपुर की महिमा बनाएगी सैटेलाइट, अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की 10वीं कक्षा की छात्रा महिमा राजपूत ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, तिलक नगर की छात्रा महिमा का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के लिए हुआ है। अब वह दुनिया के 108 देशों की छात्राओं के साथ मिलकर सैटेलाइट निर्माण और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेंगी।

महिमा ने देशभर से आए हजारों आवेदनों के बीच लिखित परीक्षा, वैज्ञानिक गतिविधियों और इंटरव्यू जैसे कई कठिन चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व का माहौल है।

अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 8 दिवसीय ShaktiSAT वर्कशॉप में महिमा भाग लेंगी, जहां उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट तकनीक और स्पेस मिशन की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इस दौरान 108 देशों की छात्राएं मिलकर दो विशेष सैटेलाइट तैयार करेंगी, जिनमें से एक को चंद्रमा की कक्षा में और दूसरे को चंद्रमा की सतह पर भेजने की योजना है।

महिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश की उपलब्धि है। महिमा की विज्ञान के प्रति रुचि के साथ-साथ पेंटिंग और स्टोरी राइटिंग भी पसंदीदा शौक हैं, जबकि भविष्य में वह प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना चाहती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार ShaktiSAT मिशन छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट तकनीक, रोबोटिक्स और STEM शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस मिशन के तहत तैयार सैटेलाइट्स का प्रक्षेपण अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित ISRO लॉन्च पैड से प्रस्तावित है।

महिमा की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, अवसर और दृढ़ संकल्प के बल पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Back to top button