छत्तीसगढ़

इलाज के पैसों पर विवाद, पति ने हथौड़ी मारकर ली पत्नी की जान..

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की हथौड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतिका मेहतरीन बाई मंझवार निवासी ग्राम बाँसजोर की मौत के मामले की जांच थाना धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों, सास, पार्षद और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 17 जून की सुबह करीब 7:30 बजे मेहतरीन बाई और उसके पति श्यामलाल मंझवार के बीच इलाज के लिए पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 20 जून की शाम उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी श्यामलाल मंझवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button