बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जेल की ई-1 बैरक में एक विचाराधीन बंदी की हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल बंदी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है, जो दुष्कर्म के एक मामले में विचाराधीन बंदी था। वहीं आरोपी राजेश राय पहले से ट्रिपल मर्डर और हत्या के प्रयास के मामलों में सजा काट रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे ई-1 बैरक में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद राजेश राय ने नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सेंट्रल जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।



