लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई से लौट रही टीम के वाहन और नाबालिग बाइक सवार बच्चों के बीच हुए सड़क हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ग्राम मनोहरपुर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम बैगाकापा के पास तीन नाबालिग बच्चे मोटरसाइकिल पर सवार होकर वाहन के सामने आ गए। बच्चों को बचाने के प्रयास में आबकारी विभाग का वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटा। हादसे में तीनों बच्चे घायल हो गए, जिनमें से एक बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच कई सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के समय सरकारी वाहन की गति कितनी थी, चालक की स्थिति क्या थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
हालांकि अभी तक किसी भी जांच एजेंसी ने चालक या विभागीय अधिकारियों की लापरवाही की पुष्टि नहीं की है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह और जिम्मेदारियों की तस्वीर साफ हो सकेगी।
इस बीच पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी। जिला प्रशासन ने मृतक और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है ताकि घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकें और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो सके।



