कवर्धा। जिले के पोंडी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सारंगपुर चौक में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सारंगपुर चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 6 माह के मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल सभी लोग मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं और परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पोंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक व कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



