रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी नेता, महान शिक्षाविद् और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आज लोकभवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल Ramen Deka ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार, आदर्श और राष्ट्रवादी सोच आज भी देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सिद्धांत वर्तमान पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर लोकभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



