छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में सनसनी: दोस्तों संग घूमने गई युवती की संदिग्ध मौत..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती की एक निजी रिजॉर्ट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मंगट्टा गांव स्थित विस्ली वुड रिजॉर्ट की बताई जा रही है, जहां युवती अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह युवती रिजॉर्ट के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली। रिजॉर्ट कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती के साथ रिजॉर्ट में आए उसके दोस्त तड़के सुबह ही वहां से फरार हो गए थे। पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते युवती को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल फरार युवकों की तलाश तेज कर दी गई है और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिजॉर्ट प्रबंधन, कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। जांच के दौरान गेस्ट रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले को संदिग्ध मौत मानकर हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button