कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। नाले में नहाने गए दो चचेरे मासूम भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम बुधवार को गांव के नाले में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों परिवारों के इकलौते बेटे थे मासूम
यह हादसा दोनों परिवारों के लिए असहनीय दुख लेकर आया है। ऋषभ पोयाम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जबकि साजन पोयाम की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था। साजन की मां पूर्णिमा पोयाम क्षेत्र की जनपद सदस्य हैं।
एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे कोटपाड गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।



