छत्तीसगढ़

PM मोदी का छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी को पत्र, जनता के विश्वास को बताया सबसे बड़ी ताकत..

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी को पत्र लिखकर हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में एनडीए को मिली सफलता पर शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि देशवासियों का स्नेह, विश्वास और समर्थन ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है।

प्रधानमंत्री ने चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन राज्यों में एनडीए की सरकार थी, वहां जनता ने विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए फिर से समर्थन दिया, जबकि अन्य राज्यों में बदलाव की इच्छा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत और पुडुचेरी में विकास के एजेंडे को मिले जनसमर्थन का विशेष उल्लेख किया।

पत्र में पश्चिम बंगाल में मिले बढ़ते जनसमर्थन को “विकास का सूर्योदय” बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में विपक्ष में रहते हुए भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की रिकॉर्ड मतदान भागीदारी की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की बढ़ती भूमिका का प्रतीक बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।

पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने डॉ. कुलदीप सोलंकी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उनके शुभकामना संदेश के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Back to top button