बिलासपुर। सुशासन तिहार में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्हा विकासखंड के ग्राम लिमतरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक (एलबी) ओंकार सिंह श्याम को निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर बिना सूचना और बिना स्वीकृत अवकाश के लगातार विद्यालय से अनुपस्थित रहने का आरोप था।
ग्रामीणों और शाला विकास समिति के अध्यक्ष विनोद कौशिक ने जनसमस्या निवारण शिविर में शिकायत दर्ज कराई थी कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं। शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बिल्हा द्वारा जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
जांच रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक 30 मार्च 2026, 2 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तथा 15 से 16 अप्रैल 2026 तक विद्यालय से अनुपस्थित रहे। उपस्थिति पंजी के अवलोकन में यह भी पाया गया कि निरीक्षण तिथि तक उनकी अनुपस्थिति जारी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बिलासपुर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन का हवाला देते हुए ओंकार सिंह श्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरतोरी निर्धारित किया गया है।
यह कार्रवाई एक बार फिर बताती है कि सुशासन तिहार में दर्ज जन शिकायतों पर प्रशासन सीधे कार्रवाई कर रहा है। हालांकि इस मामले ने शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि शिक्षक की लंबी अनुपस्थिति के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।



