कांकेर। जिले में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली की आत्महत्या से सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के मामले में नवाज अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा था। हाल ही में वह जेल से बाहर आए थे।
मंगलवार सुबह गौठान परिसर में उनका शव फंदे पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।



