छत्तीसगढ़

खेत की लड़ाई में बहा खून, 2 परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़..

बेमेतरा/सूरजपुर। जमीन विवाद को लेकर हुई दो अलग-अलग वारदातों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। बेमेतरा और सूरजपुर जिले में जमीन के झगड़े ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकुटा गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, विद्यासागर नवरंग और गांव के ही गैदलाल नवरंग के बीच जमीन को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी। रविवार सुबह विद्यासागर जैसे ही घर से बाहर निकला, आरोपी गैदलाल ने उस पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विद्यासागर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

वहीं दूसरी घटना सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र के करकोटी गांव की है। यहां दो सगे भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया।

दोनों घटनाओं ने एक बार फिर जमीन विवादों को लेकर बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button