रायपुर। दुर्ग संभाग के आयुक्त ने जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, कलेक्टर दुर्ग द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित अधिकारी ने शिविर के दौरान आम जनता के प्रति अनुचित व्यवहार किया। मामले में पूर्व में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
आयुक्त ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिला पंचायत दुर्ग के प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के कार्यों का भी निर्वहन करेंगे। 




