कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक बार फिर धान खरीदी में बड़ा घोटाला सामने आया है। पंडरिया और लोहारा विकासखंड में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। मामले को गंभीर मानते हुए खाद्य विभाग ने समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पंडरिया विकासखंड की कामठी समिति में खाद्य विभाग की जांच के दौरान 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी-बिक्री सामने आई। वहीं लोहारा विकासखंड के धरमगढ़ क्षेत्र में करीब 1200 क्विंटल धान की हेराफेरी पकड़ी गई है।
जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपए के गबन की बात सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आरोप है कि प्रभारी प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर और अन्य लोगों ने मिलकर शासन की राशि का बंदरबांट किया। खाद्य विभाग के अनुसार गबन की गई राशि संबंधित समिति प्रबंधक, ऑपरेटर और अन्य दोषियों से वसूली जाएगी।
चंद्र शेखर देवांगन ने मामले को शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन बताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



