रायपुर। राजधानी रायपुर से करोड़ों रुपए के सोना गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित ‘मंत्रा गोल्ड’ के एक कर्मचारी पर भारी मात्रा में सोना और व्यापारियों से वसूली गई रकम लेकर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अरुण यादव पिछले करीब छह वर्षों से मंत्रा गोल्ड में काम कर रहा था और संस्था का भरोसेमंद कर्मचारी माना जाता था। उसे व्यापारियों से लेन-देन और सोने के माल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। लेकिन हाल ही में हुए स्टॉक मिलान में करीब 1600 ग्राम से अधिक सोना गायब मिला।
शिकायत के अनुसार आरोपी पर लगभग 1250 ग्राम सोने के जेवर और 350 ग्राम शुद्ध सोना गबन करने का आरोप है। इसके अलावा व्यापारियों से वसूली गई रकम भी उसने जमा नहीं की। संस्था संचालकों का आरोप है कि अरुण यादव ने अपने पिता राम समुझ यादव और पत्नी निशा यादव के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और सोना लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि स्टॉक कम मिलने पर जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने कुछ माल घर में होने की बात कही। संचालकों ने उसे तुरंत माल लाने भेजा, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बाद में वह फोन पर बहाने बनाता रहा और फिर मोबाइल बंद कर गायब हो गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी और उसके परिजनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



