छत्तीसगढ़

PM आवास योजना में बड़ा घोटाला: 700 गरीब परिवारों से ठगी का आरोप..

सक्ती। जिले के बाराद्वार नगर पंचायत में पीएम आवास योजना के नाम पर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा नेताओं और पटवारी की मिलीभगत से गरीब परिवारों से मोटी रकम वसूली गई और फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की तैयारी की गई।

नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि करीब 700 गरीब परिवारों को पीएम आवास दिलाने के नाम पर गुमराह किया गया। उनसे पैसे लेकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। शिकायत में कहा गया है कि शासन के नियमों के मुताबिक आबादी भूमि पर रहने वालों को अधिकार पत्र देकर योजना का लाभ दिया जाना चाहिए, लेकिन कुछ अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि घास भूमि पर रहने वालों को भी फर्जी तरीके से लाभ दिलाने की तैयारी कर रहे थे।

आरोप यह भी है कि हल्का पटवारी रमेंद्र राठौर ने बिना मौके की जांच किए कार्यालय में बैठकर दस्तावेज तैयार कर दिए, जबकि नियम के तहत जियो टैगिंग जरूरी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने संबंधित पटवारी को निलंबित कर दिया है और जांच के लिए टीम गठित कर डिप्टी कलेक्टर को जांच अधिकारी बनाया गया है।

Leave a Reply

Back to top button