दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। वार्ड-4 स्थित एक घर में खाना बनाते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे घर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रेस्क्यू के दौरान घर के अंदर से चार शव बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



