बलौदाबाजार
MBBS डॉक्टर सहित 7 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डॉक्टर ने खुद को पुलिस अफसर बताकर अपने साथियों के साथ दो भाइयों का अपहरण किया था। डॉक्टर अपने दोस्त की बेटी के भाग जाने से नाराज था और उसे शक था कि लड़की को इन्हीं दो भाइयों ने भगाया है। फिलहाल आरोपी डॉक्टर और उसके 6 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला लवन चौकी थाना कसडोल का है।
जानकारी के अनुसार, 16- 17 सितंबर की रात लगभग डेढ़ बजे एम्बुलेंस क्रमांक सीजी 22 ड़ब्ल्यू 0531 में चार व्यक्ति आये। इनमें से एक ने खुद को सब इंस्पेक्टर बताकर घर का दरवाजा खुलवाया। महिला के द्वारा दरवाजा खोलने पर उसके बेटे यशवंत साहू और मनोज साहू से गाली गलौच करते हुए हाथ मुक्का से उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं घर से खींच कर दोनों लड़कों को अपने साथ एम्बुलेंस में जबरदस्ती भरकर ले गए। इसके बाद रास्ते में दोनों भाइयों से मारपीट की और रायपुर रेलवे स्टेशन ले गए। आरोपियों ने मनोज को छोड़ दिया था पर यशवंत साहू को अपने साथ ही रखे हुए थे। इस बात से दुखी महिला ने इसकी शिकायत चौकी लवन थाना कसडोल में दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए डॉक्टर नारायण साहू और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया।
अपहरण का मुख्य आरोपी नारायण साहू एमबीबीएस डॉक्टर हैं। वह जया हॉस्पिटल के नाम से हसौद थाना क्षेत्र में अस्पताल चलाता है। गिरफ्तार आरोपियों में नारायण साहू, कृतिवास उर्फ कृष्णा चौधरी, अमित कुमार रात्रे, सुनील कुमार टंडन, चंदन कर्ष, प्यारेलाल साहू, बंसी प्रसाद बरेठ शामिल है।