
बिलासपुर
साइंस कॉलेज की छत से गिरकर एक छात्र की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ इंस्टाग्राम के लिए रील्स बनवा रहा था। वीडियो बनवाने से पहले छत की स्लैब पर कूद गया और वजन आजमाने लगा। दोस्तों ने उसे मना किया, बहुत समझाया पर वह नहीं माना। वह छत से नीचे कूदते समय का वीडियो बनवाना चाह रहा था। तभी उसका पैर स्लैब से फिसल गया और सीधे 20 फीट नीचे जमीन पर जा गिरा। इस घटना से घबराए दोस्त दौड़ते-भागते पहले नीचे गए। तब तक छात्र बेहोश पड़ा था। उन्होंने उसके ऊपर पहले पानी डाला, तब भी उसके शरीर में हलचल नहीं हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस के डायल 112 और 108 को कॉल किया। लेकिन, फोन नहीं लगा। उसकी मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दोस्तों का हाथ पकड़कर स्लैब में कूदकर अपना वजन आजमा रहा है।

जांजगीर-चाम्पा जिले के सरखो निवासी आशुतोष साव पिता रविशंकर (20) अशोकनगर में किराए के रूम में रहता था। वह साइंस कॉलेज में बीसीए सेकेंड ईयर का छात्र था। रोज की तरह वह शुक्रवार को वह कॉलेज गया था। दोपहर करीब तीन बजे क्लासेस होने के बाद वह अपने दोस्त सुमीत पांडेय, सिद्धांत यादव, वैभव कौशिक, रोशन कश्यप और सिम्मी साहू के साथ टहलते हुए कॉलेज की छत में चढ़ गया। दो मंजिला छत में चढ़ने के बाद आशुतोष को अचानक रील्स बनाने का ख्याल आया। वो छत से तीन फीट नीचे खिड़की के स्लैब में कूद गया और अपना वजन आजमाने लगा। उसे ऐसा करते देख दोस्तों ने मना भी किया। लेकिन, वह वीडियो बनवाने पर अड़ा रहा।
घबराए छात्रों ने अपने विभाग के एचओडी को घटना की जानकारी दी। इतने में वहां दूसरे सीनियर स्टूडेंट भी आ गए थे, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सिम्स पहुंचाया। जहां जांच के बाद उसे मृत बता दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजन को सौंप दिया। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।



