
रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर के रंजीता स्टेडियम परिसर में स्थित फूड प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग लैब में खाद्य उत्पाद प्रसंस्करण प्रयोगशाला एवं पैकेजिंग केंद्र भवन का लोकार्पण किया। यह प्रदेश का पहला उच्च स्तरीय लैब है, जिसमें विभिन्न उत्पादों के रॉ- मटेरियल को प्रसंस्कृत कर उन्हें विक्रय के लिए सी मार्ट में भेजा जाएगा। इससे समूहों को सुनिश्चित आमदनी प्राप्त होगी। अभी विभिन्न उत्पादों का सी मार्ट के जरिए विक्रय किया जा रहा था।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से भी मिले । बच्चों के आग्रह पर तीर और धनुष से बुल्स आई पर निशाना साधा और सधे हुए अंदाज़ में तीर टारगेट के करीब हिट किया, निशाना लगते ही बच्चों सहित सभी लोगों की तालियां गूंज उठी। मुख्यमंत्री ने आर्चरी का प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से आर्चरी की बारीकियों पर बात की और उनका उत्साहवर्धन किया। तीरंदाजी केंद्र एवं एकलव्य खेल अकादमी द्वारा जशपुर में बच्चों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।



