छत्तीसगढ़

सूरजपुर में टीआई समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित, जुआ फड़ से मिलीभगत के आरोप में SP का बड़ा एक्शन..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रतापपुर में जुआ फड़ पर छापेमारी के बाद स्थानीय पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका सामने आने पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी को रक्षित केंद्र सूरजपुर भेज दिया गया है। मामले की प्रारंभिक जांच के लिए एसडीओपी को एक सप्ताह का समय दिया गया है।

जुआ फड़ पर छापेमारी, 7 आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जिला स्तरीय स्पेशल टीम ने जुआ फड़ पर दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस ने सात जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन और कई वाहन जब्त किए गए।

इस कार्रवाई के दौरान प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल पर पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत से जुआ फड़ संचालित करवाने के आरोप सामने आए। इसके बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे।

टीआई, एसआई समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी योगेश कुमार पटेल ने सख्त कार्रवाई की है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:

  1. निरीक्षक दिनेश पुरैना – थाना प्रभारी प्रतापपुर
  2. उपनिरीक्षक विवेक खलखो
  3. आरक्षक राजेश तिवारी
  4. आरक्षक भीमेश आरमो
  5. आरक्षक राजकुमार पासवान

सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर भेज दिया गया है।

एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

एसपी ने एसडीओपी अनूप एक्का को पूरे मामले की प्रारंभिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि जुआ फड़ के संचालन में किन लोगों की भूमिका थी और क्या इस अवैध गतिविधि को स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिल रहा था।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के बाद इस पूरे प्रकरण में और भी खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

2

Back to top button