रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल हो गईं। शुक्रवार को बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौटते समय खरोरा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद के बाएं हाथ में फ्रैक्चर आया है। उन्हें तत्काल रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
बेटे और गनमैन सुरक्षित, ड्राइवर को भी चोट
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ उनके बेटे, सुरक्षा में तैनात गनमैन और ड्राइवर मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सांसद के बेटे और गनमैन को कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, कार चालक के सीने में चोट लगी है। उसे भी प्राथमिक उपचार दिया गया है।
इसी मार्ग पर पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि इसी सड़क मार्ग पर कुछ देर पहले एक अन्य सड़क दुर्घटना हुई थी। रायपुर से खरोरा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में कार और ट्रैक्टर में सवार कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
एक ही मार्ग पर लगातार दो सड़क हादसों की सूचना मिलने के बाद खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। फिलहाल दोनों दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस वाहनों की स्थिति, घटनाक्रम और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है।



