रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्राम करई स्थित गांधीनगर यूनिट-2 के नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने नन्द घरों में उपलब्ध पोषण व्यवस्था, सीखने के वातावरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझा।
गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री से की मुलाकात
गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और उनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और वहां अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।
बच्चों और महिलाओं के लिए सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
इस दौरे का उद्देश्य दोनों राज्यों के बीच अनुभव साझा करना और बच्चों तथा महिलाओं के लिए संचालित सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जानकारी प्राप्त करना रहा। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ इस भ्रमण को महत्वपूर्ण बताया।



