छत्तीसगढ़

अफीम की खेती का खुलासा करने वाला सरपंच गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस बना कार्रवाई की वजह; न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर चर्चा में आए समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

व्हाट्सएप स्टेटस को लेकर दर्ज हुई शिकायत

जानकारी के मुताबिक, समोदा गांव निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ पुलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सरपंच ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी।

शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) दुर्ग से मिले ज्ञापन के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कथित पोस्ट के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पहले भी हुई थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें बाउंड ओवर कराया गया था। इसके तहत उन्हें निर्धारित अवधि तक शांति व्यवस्था बनाए रखने और तय शर्तों का पालन करने के लिए पाबंद किया गया था।

इसके बावजूद दोबारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप सामने आने पर पुलिस ने बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन को लेकर SDM न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें बाउंड ओवर निरस्त करने और आगे की कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद सरपंच को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने इस कार्रवाई को प्रदेश में बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन से जुड़ी अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है।

मार्च में अफीम की खेती का किया था खुलासा

गौरतलब है कि मार्च 2026 में दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया था। एक खेत में बड़ी संख्या में अफीम के पौधे मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी।

इस अवैध खेती की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की अहम भूमिका बताई गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की थी।

दोनों मामले अलग-अलग

अफीम की अवैध खेती का खुलासा करने वाले सरपंच की गिरफ्तारी के बाद मामला फिर चर्चा में है। हालांकि, अफीम की खेती का खुलासा और वर्तमान गिरफ्तारी दो अलग-अलग मामले हैं। मौजूदा कार्रवाई अधिकारियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट और पूर्व में कराए गए बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन से जुड़ी है।

फिलहाल अरुण गौतम न्यायिक रिमांड पर जेल में हैं और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

2

Back to top button