रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल विधायी प्रक्रियाओं और एप्लीकेशन के विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी दी गई। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के NeVA समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल और समिति मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल माध्यम से प्रश्न एवं सूचनाएं प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन, सदन की कार्यवाही से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान और संसदीय प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के साथ चिप्स और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।
NeVA के प्रभावी क्रियान्वयन से विधानसभा का कामकाज अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और तेज होने की उम्मीद है। इससे कागजों की खपत कम होगी और समय एवं संसाधनों की बचत के साथ विधायी कार्यों की दक्षता भी बढ़ेगी।



