बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतनाम चौक, वार्ड नंबर-2 के पास दो कारों और एक ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात 3:35 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 3:35 बजे की है। एक परिवार नवागांव से कार क्रमांक CG 04 SC 8643 में सवार होकर लौट रहा था। कार में तीन महिलाएं और चालक मौजूद थे। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से आ रही दूसरी कार क्रमांक CG 25 H 238 से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह बेरला क्षेत्र के ग्राम सोढ़ की रहने वाली बताई जा रही है।
एक युवक की भी मौत, चार लोग घायल
दूसरी कार में सवार युवक वॉइस उर्फ लकी देशलहरे की भी हादसे में मौके पर मौत हो गई। वह बेमेतरा का निवासी बताया गया है। दूसरी कार के चालक की पहचान की जा रही है। दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कार में फंसे लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लोग कार के अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों और राहत दल ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और ट्रैक्टर की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।



