कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।
पहले एक्टिवा और बाइक में हुई जोरदार भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहा तेज रफ्तार भारी वाहन दोनों की ओर आया। बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती ने भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को सूचना दी। इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।



