रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर के सरकारी कार्यालयों के लिए स्थानीय अवकाश में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी कर 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह छुट्टी नवा रायपुर अटल नगर और रायपुर शहर स्थित सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं पर लागू होगी।
9 नवंबर की छुट्टी में किया गया बदलाव
पहले गोवर्धन पूजा के अवसर पर 9 नवंबर 2026, सोमवार को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। बाद में राज्य सरकार ने 26 अक्टूबर 2026 की विभागीय अधिसूचना के माध्यम से गोवर्धन पूजा को सार्वजनिक/सामान्य अवकाश घोषित कर दिया। इसके बाद पहले से घोषित स्थानीय अवकाश को बदलकर अब 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के लिए निर्धारित किया गया है।
बैंक और कोषालय पर लागू नहीं होगा अवकाश
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 20 नवंबर का यह स्थानीय अवकाश रायपुर और नवा रायपुर के शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं के लिए रहेगा। हालांकि, यह अवकाश बैंक, कोषालय और उप कोषालय पर लागू नहीं होगा।
इस फैसले के बाद रायपुर और नवा रायपुर के सरकारी कार्यालयों में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर स्थानीय छुट्टी रहेगी।



