सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक नाश्ता होटल के रसोई कमरे में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है। वह चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल में काम करता था। घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
कर्मचारियों ने रसोई कमरे में देखा शव
जानकारी के अनुसार, सुबह जब होटल के कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने रसोई कमरे में गोलू को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद होटल संचालक को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। खबर के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतार लिया गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी होटल पहुंच गए। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार सदमे में है। होटल के रसोई कमरे में शव मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।



