छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगा बढ़ावा, नवा रायपुर में खुलेगी पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए इस वर्ष बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को रायपुर के जोरा में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

नवा रायपुर में शुरू होगी बैडमिंटन अकादमी

पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद नवा रायपुर में बैडमिंटन अकादमी शुरू करेंगे। इससे छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। पहले वर्ष जहां लगभग 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, वहीं दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 3.91 लाख हो गई।

उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ गांवों के खिलाड़ियों को भी बड़े शहरों जैसी सुविधाएं और अवसर मिलें।

खेल विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। ‘खेलो इंडिया’ सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

2047 तक 75 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए आधुनिक उद्योग, तकनीक, सेवा क्षेत्र और मानव संसाधन के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओम प्रकाश चौधरी और पद्म भूषण पुलेला गोपीचंद सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button