धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में होटल के कमरे में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है, जो कवर्धा जिले की रहने वाली थी। आरोपी की पहचान टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के रूप में हुई है। उस पर शादी से मुकरने, मारपीट करने और युवती को प्रताड़ित करने के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
शादी की बात पर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, पिंकी और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया गया है कि 24 सितंबर को युवती कवर्धा से धमतरी पहुंची और होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी। 25 सितंबर की शाम आरोपी उससे मिलने होटल पहुंचा। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी हुई।
होटल के कमरे में मिली थी युवती की लाश
बताया गया है कि 25 सितंबर को युवती ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



